पी एम ओ ने मोदी, मनमोहन सिंह की विदेश यात्रा पर खर्च की नहीं दी जानकारी, कहा प्रश्न स्पष्ट नहीं




प्रधान मंत्री कार्यालय ने आर टी आई एक्टिविस्ट को मोदी और उनके पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह की विदेश यात्रा पर हुए खर्च का ब्यौरा देने से मना कर दिया। प्रधान मंत्री कार्यालय ने इस सीधे से प्रश्न को अस्पष्ट करार देते हुए जानकारी देने से मना कर दिया।

रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई 2017 तक मोदी छः महाद्वीपों का दौरा कर चुके हैं जिनमें अमेरिका में संयुक्त राष्ट्र के जनरल असेंबली का दौरा सहित 49 देश शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा फ्रांस, जर्मनी और रूस का है जहाँ इन्होंने 3 बार दौरा किया है।

आर टी आई एक्टिविस्ट नूतन ठाकुर ने प्रधान मंत्री कार्यालय से खर्च का वह ब्यौरा भी माँगा था जो मोदी और मनमोहन सिंह की यात्राओं में होने वाले विभिन्न आयोजनों पर किए गए हैं।

आईएएनएस न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, नूतन ठाकुर को प्रधानमंत्री कार्यालय के सेंट्रल पब्लिक इनफार्मेशन ऑफिसर और अंडर सेक्रेटरी परवीन कुमार की तरफ से यह उत्तर दिया गया कि मांगी गयी जानकारी बेहद अस्पष्ट और बहुत अधिक है इसलिए नहीं दी जा सकती।

जानकारी न देने की मजबूरी बताते हुए कार्यालय ने कहा कि ठाकुर इस पर अपील प्राधिकारी से संपर्क कर सकती हैं। ठाकुर ने इस पर कहा कि वह इस जानकारी के लिए अपील प्राधिकारी से अवश्य संपर्क करेंगी।

नूतन ठाकुर 1992 बैच के आई. पी. एस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की पत्नी हैं जो ट्विटर जानकारी के अनुसार स्वयं को भाजपा की कार्यकर्त्ता बताती हैं।

Liked it? Take a second to support द मॉर्निंग क्रॉनिकल हिंदी टीम on Patreon!
Become a patron at Patreon!