
पिछले कई दिनों से राफेल विमान सौदे को लेकर चल रहा विवाद रुकने का नाम नहीं ले रहा। आये दिन कांग्रेस और बीजेपी एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रही है। अब इस लड़ाई के बीच में अब आम आदमी पार्टी भी उतर आई है।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने अपने एक बयान में दावा किया है कि वे राफेल विमानों की खरीद के सौदे के मामले में केंद्र सरकार पर कानूनन कार्यवाई करवाएंगे। इसके लिए उन्होंने इस सौदे को देश के उच्चतम न्यायालय सुप्रीम कोर्ट मे चुनौती देने की भी बात कही है।
सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने के पहले देश की रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण को भी क़ानूनी नोटिस भेजने की तैयारी कर रहे है। इस नोटिस में उन्होंने रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण से सवाल किया है कि सरकार राफेल विमान की खरीद के बारे में देश की जनता को गलत जानकारियां देकर गुमराह क्यों कर रही है।
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने यह बाते आज देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में कही है।