झारखंड: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के बाद परिवार वालों के सामने जिंदा जलाया गया




(प्रतीकात्मक चित्र)

रांची (झारखंड), 5 मई,2018 (टीएमसी हिंदी डेस्क)| झारखंड के चतरा जिले में शुक्रवार को 16 वर्षीय एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसके परिजनों के सामने ही उसकी हत्या कर दी गई। स्थानीय मीडिया रपटों के अनुसार, लड़की को चार युवकों ने उसके घर के पास से अगवा कर उसके साथ मिलकर दुष्कर्म किया। इस दौरान लड़की के परिजन एक विवाह समारोह में गए थे।

यह मामला चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के राजाकेंदुआ गांव का है।

मामले को लेकर शुक्रवार सुबह पंचायत बुलाई गई, जहां पंचों ने मामला सुलझाने के लिए आरोपियों को पीड़ित परिवार को 50,000 रुपये देने का आदेश दिया।

पंचायत के निर्णय से नाराज चारों युवकों ने पीड़ित परिवार के घर जाकर उन्हें पीटने के बाद पीड़िता को जलाकर मार डाला। पीड़ित परिजनों ने इटखोरी थाने में चारों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है।



इस घटना के 18 आरोपियों में से 14 को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस महानिरीक्षक शंभु ठाकुर ने पत्रकारों को बताया, “18 आरोपियों में से 14 को गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। हम लोग पीड़िता के परिजनों को सुरक्षित महसूस करने तक सुरक्षा मुहैया कराएंगे।”

उन्होंने कहा कि तीन लोगों को शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया गया, जबकि 11 अन्य को शनिवार को पकड़ा गया। गिरफ्तार लोगों में गांव की मुखिया तिलेश्वरी देवी और पंचायत समिति के सदस्य शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राजेकेंदुआ गांव पहुंचकर घटना का जायजा लिया और पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की।

Liked it? Take a second to support द मॉर्निंग क्रॉनिकल हिंदी टीम on Patreon!