
राफेल डील को लेकर जहां एक तरफ मोदी सरकार पर आरोप पर आरोप लग रहे हैं वही देश की रिलायंस कम्पनी के अनिल अंबानी पर भी आरोप रुक नहीं रहें। अब इस बार इस मामले में अनिल अंबानी ने भी आरपार की लड़ाई का मूड बना लिया है।
दरअसल अंबानी की ओर से कांग्रेस के अखबर नेशनल हेराल्ड के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन अब अनिल अंबानी की कंपनी ने 15 राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, स्थानीय मीडिया हाउस और पत्रकारों को नोटिस भेजा है।
यह तमाम मामले रिलायंस डिफेंस, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और रिलायंस एरोस्ट्रक्चर की ओर से दायर किए गए हैं। अनिल अंबानी की ओर से दायर केस में इस बार 5000-10000 करोड़ की मानहानि का दावा किया गया है। जिसमे कहा गया है कि राफेल डील को लेकर जो लेख छापे गए हैं वह पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।
कंपनी की ओर से सबसे पहले मानहानि का केस कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। सिंघवी के खिलाफ 5000 करोड़ रुपए का मामला दर्ज किया गया था।
गौरतलब है कि फ्रांस के इंवेस्टिगेटिव जनरल मीडियापार्ट ने दावा किया था कि उसके पास राफेल डील से जुड़े दसॉल्ट एवीएशन के कुछ अहम दस्तावेज हैं। इनके मुताबिक राफेल बनाने वाली कंपनी दसॉल्ट के लिए इस डील को करने के लिए रिलायंस को इसका साझेदारी जरूरी थी।