दिल्ली में मौसम का सबसे सर्द दिन, न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री 




Image Courtesy: Hindustan Times.

मॉर्निंग क्रॉनिकल हिंदी डेस्क

नई दिल्ली, 6 जनवरी| राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह घने कोहरे के साथ ठंड बरकरार रही। शनिवार को मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8.30 बजे दृश्यता 400 मीटर रही। चार जनवरी को तापमान पांच डिग्री सेल्सियस और एक जनवरी को तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा।


शुक्रवार को न्यूनतम तापमान जहां 7.2 डिग्री रहा, वहीं अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, “रविवार को दिन में आसमान साफ रहेगा। सुबह में कुछ कोहरा रहेगा।”

सोमवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे के चलते 18 रेलगाड़ियां रद्द की गईं और 49 अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं, जबकि 13 के समय में फेरबदल किया गया है।

इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डे पर कम दृश्यता के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।

जेट एयरवेज ने ट्वीट किया, “दिल्ली, पटना, वाराणसी, चंडीगढ़ और लखनऊ में कोहरे के चलते खराब दृश्यता के कारण हमारी कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं।”

स्पाइजेट ने सुबह ट्वीट किया, “दिल्ली में खराब मौसम के कारण, प्रस्थान/आगमन और उनकी महत्वपूर्ण उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। सभी यात्रियों से अनुरोध है कि वे हवाईअड्डे पर जाने से पहले अपनी उड़ान स्थिति के बारे में पता कर लें।”

–आईएएनएस

Liked it? Take a second to support द मॉर्निंग क्रॉनिकल हिंदी टीम on Patreon!
Become a patron at Patreon!