
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में चुनावी सभा के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा के साथ ही कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती है कि साइकिल आगे बढ़े। यदि कांग्रेस साइकिल रोकेगी तो हम भी साइकिल से हाथ हटा लेंगे।
उन्होंने कहा कि बड़े लोग गरीबों का पैसा लेकर विदेश भाग गए। इन लोगों को भगाने में कांग्रेस-भाजपा दोनों का हाथ है। कांग्रेस भी जीएसटी लाना चाहती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं से ज्यादा झूठ कोई नहीं बोल सकता है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि उन्हें छत्तीसगढ़ पहुंचते ही धान की खुशबू आती है। आखिर दिल्ली में उन्हें इस धान की खुशबू क्यों नहीं आती है? अगर दिल्ली संसद में और यहां विधानसभा में धान की खुशबू आ जाती तो किसान की आय दोगुनी हो चुकी होती। सबसे ज्यादा कुपोषण की शिकायत छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों में है।
श्री यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ ही यह देश की राजनीति के भविष्य का भी चुनाव है। भाजपा के लोग बताते हैं कि छत्तीसगढ़ में 36 लाख गैस सिलेंडर बांटे, लेकिन सच यह है कि 35 लाख लोगों ने दोबारा उन सिलेंडरों को नहीं भरवाया। बिजली उत्पादन के भी झूठे दावे पेश किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 15 साल के शासन में भी भाजपा ने यहां समाजवादियों जैसी सड़क और मेट्रो नहीं दी। जितनी रफ्तार से भाजपा सत्ता में आई है उतनी ही तेजी से बाहर जाएगी। जनता इस बार धोखे से भी भाजपा और कांग्रेस को वोट देने वाली नहीं है।