
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के बाद आए एग्जिट पोल के अनुमानों ने सियासी दलों की धड़कने बढ़ा दी है। शुक्रवार शाम जारी एग्जिट पोल के मुताबिक मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भगवा पार्टी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है।
कांग्रेस इस बार मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अपने मत प्रतिशत में जबरदस्त सुधार कर भाजपा को कड़ी चुनौती देती दिख रही है। वहीं, राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनने के स्पष्ट संकेत हैं।
उधर ,तेलंगाना में टीआरएस की वापसी संभव है तो मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) सरकार बना सकती है। हालांकि, मिजोरम में त्रिशंकु विधानसभा बनने की संभावना है जहां कांग्रेस सत्ता में है।
अलग-अलग समाचार चैनलों द्वारा एग्जिट पोल सामने आ रहे हैं। ज्यादातर एग्जिट पोल में यह अनुमान लगाया गया है कि राजस्थान में कांग्रेस सत्ता में लौट सकती है।
टाइम्स नाऊ – सीएनएक्स एग्जिट पोल में मप्र में भाजपा को बहुमत हासिल होने का अनुमान लगाया है। इसने भाजपा को 126 सीटें जबकि कांग्रेस को 89 सीटें दी है।
वही दूसरी ओर एबीपी न्यूज एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस 126 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल कर सकती है। इसके मुताबिक भाजपा को 94 सीटें मिलेंगी।
इंडिया टुडे – एक्सिस के मुताबिक विपक्षी पार्टी (कांग्रेस) राजस्थान विधानसभा की 199 सीटों में 119 – 141 सीटें जीत सकती है। वहीं, भाजपा को 55 – 72 सीटें मिल सकती है।
राजस्थान में पिछले चुनाव में भाजपा ने 163 सीटों के साथ दो तिहाई बहुमत हासिल किया था, जबकि कांग्रेस 21 सीटों पर सिमट गई थी। वहीं,मध्य प्रदेश में 2013 के विधानसभा चुनाव में 230 सीटों में भाजपा को 165 सीटें मिली थीं और कांग्रेस को 58 सीटें मिली थीं। हालांकि राजस्थान का एग्जिट पोल अभी तक के आम अनुमानों की तरह ही हैं और राज्य में हर बार चुनाव में सत्ता परिवर्तन का 25 साल पुराना ट्रेंड कायम रह सकता है।