
पटना : राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भगवान सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को पार्टी छोड़ दी और वह यहां अपने समर्थकों के साथ सत्तारूढ़ जद (यू) में शामिल हो गये।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य में अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज करेगी। कुशवाहा आरएलएसपी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ जद (यू) की राज्य इकाई के अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा और अन्य की मौजूदगी में पार्टी कार्यालय में पार्टी में शामिल हुए।
बिहार के पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा,‘‘उपेन्द्र कुशवाहा के राजग छोड़कर संप्रग में शामिल होने के बाद मैंने आरएलएसपी छोड़ दी है और आरएलएसपी के 35 राज्य स्तरीय पदाधिकारियों और 1200 कार्यकर्ताओं के साथ जद (यू) में शामिल हो रहा हूं।’’
उन्होंने कहा,‘‘मैं जब आरएलएसपी में शामिल हुआ तो उस समय मेरी शर्त थी कि पार्टी राजग के साथ बनी रहनी चाहिए। मैंने उपेन्द्र कुशवाहा का राजग के साथ बना रहना सुनिश्चित करने के वास्ते अपनी तरफ से भरपूर कोशिश की लेकिन नीतीश कुमार के राजग में शामिल होने के बाद उन्होंने (उपेन्द्र) असहज महसूस करना शुरू कर दिया था।’’
इससे पूर्व जद(यू) के प्रमुख और राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह ने भगवान सिंह कुशवाहा और उनके 1200 समर्थकों तथा कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत किया और कहा कि इससे पार्टी मजबूत होगी।
(PTI)