
-द मॉर्निंग क्रॉनिकल हिंदी डेस्क
पटना (बिहार), दिसम्बर 19, 2017 आज जनता दल यूनाइटेड शरद गुट के बैनर तले लोकतंत्र बचाओ मार्च का आयोजन किया गया. दिन के 12 बजे कारगिल चौक पर पार्टी के सदस्यगण सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जमा हुए और फिर मार्च ने वहां से राजभवन के लिए कूच किया. जिला प्रशासन ने मार्च को जे पी गोलंबर के पास रोक दिया. जिसके बाद एक प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल सत्यपाल मलिक से मिल कर ज्ञापन सौंपा. राज्यपाल से मिलकर ज्ञापन सौंपने वालों में शरद यादव गुट के रमई राम, अर्जुन राय, ई0 सन्तोष यादव, अरुण श्रीवास्तव, राजेन्द्र सिंह थे।
हजारों की संख्या में निकले लोकतंत्र बचाओ मार्च को सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री रमई राम ने कहा कि शरद यादव और अली अनवर की राज्य सभा की सदस्यता खत्म करा कर नीतीश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या की हैं। उन्होंने कहा कि हमलोग नीतीश कुमार द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटने के खिलाफ पूरे राज्य में आंदोलन करेंगे।
शरद यादव गुट के नेता अर्जुन राय ने मार्च को सम्बोधित करते हुए कहा की बिहार में लोकतंत्र नाम की कोई चीज ही नहीं है। नीतीश कुमार ने शरद यादव और अली अनवर की राज्यसभा सदस्यता को खत्म कर लोकतंत्र का मजाक बनाया है।
शरद यादव गुट के युवा नेता ई0 सन्तोष यादव ने लोकतन्त्र बचाओ मार्च को सम्बोधित करते हुए कहा कि जब जब सत्ता और जुनून में संघर्ष होता है तब तब सत्ता परास्त होती है। इतिहास इसका गवाह है। उनहोंने आगे कहा कि बिहार का युवा लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष करेगा।
जनता दल यूनाइटेड (शरद गुट) द्वारा आयोजित लोकतंत्र बचाओ मार्च को रमई राम, अर्जुन राय ,ई0 संतोष यादव, अरुण श्रीवास्तव, राजेन्द्र सिंह सहित कई लोगों ने सम्बोधित किया।
(प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित)